रायपुर

सुहिणी सोच का ‘सुहाग का त्योहार’ दुल्हन शो एवं म्यूजिकल तंबोला उत्साह के साथ संपन्न

रायपुर (विश्व परिवार)। सुहिणी सोच द्वारा प्री-करवाचौथ सेलिब्रेशन के अवसर पर ‘सुहाग का त्योहार – दुल्हन शो एवं म्यूजिकल तंबोला’ का भव्य आयोजन वीआईपी रोड स्थित बेबीलॉन इंटरनेशनल में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए मनोरंजन, पारंपरिक संस्कृति, प्रतिभा प्रदर्शन और आपसी मेलजोल का अनूठा संगम देखने को मिला। करवाचौथ के उत्साह से सजे इस आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में दुल्हन शो, म्यूजिकल तंबोला, मनोरंजक गतिविधियों, स्वादिष्ट स्वल्पाहार और आकर्षक पुरस्कारों ने महिलाओं का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजन का मुख्य आकर्षण दुल्हन शो रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधान, श्रृंगार और आभूषणों के साथ आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन चार सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। इसमें प्रभु नूर कौर कक्कड़, आस्था बाफना, सोनिया वोहरा और दीपाक्षा जैन शामिल थीं।

प्रतियोगिता में रिंकी अग्रवाल ने बेस्ट दुल्हन का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि ममता शर्मा रनर-अप रहीं। वहीं, शशि मटलानी को करवा क्वीन के खिताब से सम्मानित किया गया। इसके अलावा बेस्ट ज्वेलरी, बेस्ट हेयर स्टाइल, कॉन्फिडेंट दुल्हन और अट्रैक्टिव पर्सनैलिटी सहित विभिन्न श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में सेलिब्रिटी एंकर शीलू शर्मा ने अपनी प्रभावशाली एंकरिंग से समां बांधा। राहुल इंगले और महेश भानुशाली की प्रस्तुतियों ने आयोजन को और मनोरंजक बनाया। म्यूजिकल तंबोला और अन्य गतिविधियों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजन को सफल बनाने में प्रायोजकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें DTC Jewels, अष्टविनायक रियल्टी एवं तारवानी सोप इंडस्ट्रीज, एसीसी ग्रीन ब्रिक्स, श्री शिवम – द टुगेदरनेस स्टोर, बजरंग फटाका (राजू भाई तारवानी), न्यू जनरेशन – द कम्प्लीट क्लॉथ फैमिली स्टोर, मयूर कला – द ब्राइडल स्टोर एवं कॉस्मेटिक डिस्काउंट तथा नीता सैलून एंड एकेडमी शामिल रहे।

सुहिणी सोच की संस्थापक मनीषा तारवानी ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। साथ ही भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि सुहिणी सोच भविष्य में भी महिलाओं के लिए ऐसे रचनात्मक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

आयोजक टीम में दीक्षा बुधवानी, रेणु कृष्णानी, करिश्मा कमलानी, विद्या गंगवानी, माही बुलानी, ज्योति बुधवानी, आरती मयानी, पूनम हिंदूजा, स्नेहा बुधवानी और दिव्या भोजसिया शामिल थीं। सुहिणी सोच ने सभी प्रायोजकों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts