भिलाई

छठ पर्व की तैयारियों में जुटा भिलाई निगम, शहर के तालाबों एवं घाटों में युद्धस्तर पर चल रहा सफाई अभियान

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। आगामी छठ पर्व को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर के तालाबों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न तालाबों एवं घाटों पर पहुंचकर सूर्य उपासना और छठ पूजा करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा शहर के सभी प्रमुख तालाबों एवं घाटों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
निगम द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों के तालाबों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। सफाई कार्य में निगम के नियमित एवं अन्य सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ आवश्यकतानुसार मशीनों को भी लगाया जा रहा है। तालाबों में फैली जलकुंभी, तैरते हुए कचरे, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को निकालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। तालाबों के किनारों, सीढ़ियों एवं घाटों के आसपास जमा गंदगी को भी हटाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान स्वच्छ वातावरण मिल सके। छठ पर्व की तैयारियों को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त सुरूचि सिंह द्वारा विभिन्न तालाबों का निरीक्षण कर मौके पर कराए जा रहे सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। आयुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि छठ पर्व से पूर्व सभी प्रमुख तालाबों एवं घाटों की सफाई बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाए। सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा जहां अधिक जलकुंभी एवं कचरा जमा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जाए।
छठ पर्व के दौरान श्रद्धालु सुबह एवं शाम के समय तालाबों और घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता, तालाबों के आसपास साफ-सफाई एवं बेहतर व्यवस्था बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है। निगम प्रशासन द्वारा पर्व को ध्यान में रखते हुए लगातार सफाई कार्यों की समीक्षा की जा रही है, ताकि पूजा के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा नागरिकों से भी अपील की जा रही है कि वे तालाबों एवं घाटों में कचरा, प्लास्टिक एवं पूजन सामग्री इधर-उधर न फेंकें तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। सामूहिक सहभागिता से ही शहर के तालाबों एवं छठ घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts