आरंग (विश्व परिवार)। आज राधाकृष्ण विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरंग में कक्षा KG-1 (हिंदी माध्यम) के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा रामायण के प्रसंगों की सुंदर एवं मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति में बच्चों ने भगवान श्रीराम,माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी के स्वरूप धारण कर अपनी मनमोहक अदाकारी से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर वीनित कंडरा ने भगवान श्रीराम,साधना कंडरा ने माता सीता,उत्कर्ष निषाद ने लक्ष्मण जी तथा मेहुल निषाद ने हनुमान जी की भूमिका निभाई। नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक वेशभूषा एवं भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों,त्याग,प्रेम और भक्ति का सुंदर संदेश दिया। बच्चों की इस मनमोहक प्रस्तुति ने विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना दिया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयास एवं उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।







