रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार रायपुर नगर पालिक निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में रायपुर जिले के नगरीय निकायों नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए. समीक्षा बैठक के दौरान नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय एवं नगर निगम सचिव संगीता साहू की उपस्थिति रही।
अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने रायपुर जिले के नगरीय निकायों के अधिकारियों को नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में बारिश में होने वाली जलभराव की समस्या को दूर करने एवं नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने का कार्य प्राथमिकता के साथ करवाना सुनिश्चित करवाने निर्देशित किया।
अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने रायपुर जिले के नगरीय निकाय अधिकारियों को केन्द्र प्रवर्तित और राज्य प्रवर्तित योजनाओं के विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर सभी विकास कार्यों को सतत मॉनिटरिंग करते हुए तय समयसीमा में गुणवत्ता सहित पूर्ण करवाने निर्देशित किया.
नगर निगम अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने रायपुर जिले के नगरीय निकायों के सम्बंधित अधिकारियों को मानसून में मौसमी बीमारियों की नगरीय निकाय क्षेत्र में कारगर रोकथाम करने नगरवासियों के मध्य निरंतर स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाये जाने निर्देशित किया।







