राजिम

बंदूकधारी नक्सलवाद समाप्त हुआ, अब वैचारिक नक्सलवाद को समाप्त करने का दायित्व विद्यार्थियों का – विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता करेंगे राष्ट्र निर्माण का कार्य : निलेश सोलंकी

राजिम (विश्व परिवार)। भगवान राजीव लोचन एवं भगवान कुलेश्वरनाथ की पावन नगरी राजिम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत का प्रांत अभ्यास वर्ग दिनांक 12 से 15 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ प्रांत अध्यक्ष डॉ. विकास पाण्डेय, प्रांत मंत्री अनंत सोनी , अखिल भारतीय जनजाति कार्य प्रमुख निलेश सोलंकी एवं निवर्तमान प्रांत संगठन मंत्री महेश साकेत जी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
अभ्यास वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विद्यार्थी परिषद की कार्यपद्धति, सैद्धांतिक भूमिका, सदस्यता अभियान, आंदोलन की कार्यप्रणाली, प्रभावी भाषण कला, कार्यक्रम नियोजन, “स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम” जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस वर्ष अभ्यास वर्ग में कई नवाचार भी किए जा रहे हैं, जिसमें जीरो फूड वेस्ट, नो मोबाइल यूज जैसे संकल्पों के साथ कार्यकर्ताओं में अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
प्रांत अध्यक्ष डॉ. विकास पाण्डेय जी ने कहा कि,
“नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से पूर्व विद्यार्थी परिषद अपने कार्यकर्ताओं का अभ्यास वर्ग आयोजित करती है। इसका उद्देश्य समाज की मूल भावना एवं विचारों को विद्यार्थियों तक पहुंचाना, विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसरों में सकारात्मक वातावरण एवं अनुशासन स्थापित करना है। विद्यार्थी परिषद का कार्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है।”
अखिल भारतीय जनजाति कार्य प्रमुख निलेश सोलंकी ने कहा कि, “विद्यार्थी परिषद केवल परिसर में फीस, प्रवेश, परीक्षा, परिणाम, छात्रावास एवं अन्य छात्र समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाला संगठन नहीं है, बल्कि समस्याओं के समाधान का मार्ग दिखाने वाला संगठन भी है। यह विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना का भाव जागृत करता है। हमारा उद्देश्य व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और समाज निर्माण से राष्ट्र निर्माण करना है। रेडियो के समय में प्रारंभ हुआ यह संगठन आज एआई के दौर में भी निरंतर प्रगति कर रहा है और विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है।”
उन्होंने कहा कि, “बंदूकधारी नक्सलवाद से भारत काफी हद तक मुक्त हो चुका है, लेकिन वैचारिक नक्सलवाद अर्थात अर्बन नक्सल जैसी चुनौतियों के विरुद्ध वैचारिक लड़ाई लड़ने का कार्य विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता करेंगे।”
अभ्यास वर्ग में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मांडवी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखाड़िया, क्षेत्रीय जनजाति कार्य प्रमुख रामाधार बैंस सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts