छत्तीसगढ़रायपुर

सीएम हाउस की बैठक को लेकर बैज का बड़ा दावा, मंत्रियों और मुख्यमंत्री में हुआ घमासान

रायपुर (विश्व परिवार)। मुख्यमंत्री निवास पर गुरुवार की रात हुई मंत्रियों की मैराथन बैठक की खबर आखिरकार विपक्ष तक पहुंच गई है. छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि बैठक में मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर जबरदस्त घमासान मचा था. असल में भाजपा संगठन और सरकार के बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है. सरकार पूरी तरीके से फेल हो चुकी है. अब इंतजार है कि मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों का इस्तीफा कब होगा।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री निवास में हुईं मंत्रियों की बैठक पर कहा कि मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्र से आनन-फानन में मुख्यमंत्री निवास पहुँचने के निर्देश दिए गए थे. रात 8 बजे से लेकर रात 2 बजे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के कामकाज को फेल्योर बताया. लेकिन मंत्रियों ने भी बैठक में मुख्यमंत्री के भी कामकाज की समीक्षा किए जाने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में जबरदस्त घमासान हुआ।
कहां जा रहा शराब ओवर रेटिंग का पैसा
राज्य में शराब की ओवर रेटिंग पर बोले दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी सरकार बताए कि शराब की ओवर रेटिंग का पैसा किसके-किसके पास जा रहा है. शराब की हर बोतल से अतिरिक्त पैसा वसूली हो रही है. आखिर ये पैसा जा किसके पास जा रहा है. क्या इस मामले में ईडी, सीबीआई जांच करेगी?
सीएम पर मंत्रिमंडल को ही नहीं भरोसा
वहीं कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर को लेकर मुख्यमंत्री साय के बयान पर दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मंत्रिमंडल को संभाल लें. अपने सीएम पर पूरे मंत्रिमंडल को ही भरोसा नहीं है. सभी मंत्री और मुख्यमंत्री को ट्रेनिंग लेना हो तो आ जाएं हमारे अभनपुर प्रशिक्षण शिविर में।
सरकार ने धान खरीदी को बनाया मुश्किल
महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधि मंडल के छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के अध्ययन पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महाराष्ट्र के विधायकों को सीधे किसानों से बात करनी चाहिए कि किस तरह उन्हें राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत फायदा मिल रहा था. इस सरकार ने किस तरह से टोकन की प्रक्रिया को मुश्किल बनाया. अगर हमसे बात करना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts