दंतेवाड़ा (विश्व परिवार)। जिले में बैंक कर्मचारी ने किसान के बैंक खाते से 9 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की है। कृषि लोन की राशि का पैसा हड़प लिया। वो करीब 1 साल से फरार चल रहा था। जिसे गीदम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। दरअसल, प्रार्थी ने जुलाई 2025 में थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने फरवरी 2024 में एक्सिस बैंक गीदम शाखा से 14 लाख 39 हजार 762 रुपए का कृषि लोन लिया था। खाता खुलवाने और बैंक प्रक्रिया में मदद करने वाला फिल्ड ऑफिसर प्रवीण शर्मा धीरे-धीरे उसके बैंक दस्तावेज, एटीएम और ट्रांजेक्शन से जुड़ी जानकारी अपने पास रखता रहा।
आरोप है कि फरवरी और मार्च 2024 के दौरान आरोपी ने एटीएम और अन्य बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल कर खाते से 9.50 लाख रुपए निकाल लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में फरार हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक न्यास भंग और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मोबाइल सीडीआर, साइबर लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की। फिर 26 मई 2026 को जगदलपुर निवासी प्रवीण कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







