Blog

मंदार पर्वत शिखर स्थित भगवान वासुपूज्य जैन मंदिर में चोरी करने वाले चोरों का सीसीटीवी फुटेज आया सामने, 3 दिन बाद भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर

  • मंदार पर्वत शिखर स्थित जैन मंदिर से छह चांदी के छत्र और गुप्त भंडार से अनुमानित 25 हजार रुपये व अन्य सामान चोरी
  • आठ ताले तोड़कर और 4 दरवाज़े पारकर वारदात को दिया अंजाम, रोपवे के सीसीटीवी फुटेज में दिखा 4 नकाबपोश चोर

बौंसी (विश्व परिवार)। जैन धर्म के 12वें तीर्थंकर भगवान वासुपूज्य स्वामी की निर्वाण स्थली मंदार पर्वत शिखर स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना ने जैन समाज और श्रद्धालुओं के बीच चिंता बढ़ा दी है। मंदिर में चोरी की वारदात के 3 दिन बीत जाने के बाद भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बौंसी पुलिस की टीम ने मंदिर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। हालांकि, अब तक चोरों का सुराग नहीं मिलने से मंदिर प्रबंधन और जैन समाज में चिंता बनी हुई है।

श्री मंदारगिरी जी दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र प्रबंधन के अनुसार, चोरी की इस वारदात में छह चांदी के छत्र और गुप्त भंडार से दान की अनुमानित 25 हजार रुपये की राशि व अन्य सामान की चोरी की गई है। बताया गया कि चोर ने मंदिर के कुल आठ ताले तोड़कर व 4 दरवाजे को पारकर वारदात को अंजाम दिया। जिस तरीके से मंदिर के विभिन्न स्थानों पर लगे तालों को तोड़ा गया, उससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
चोरों द्वारा बाहर से लाये कटर ब्लेड को मंदिर परिसर में पाया गया। जबकि वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त हथौड़े, रॉड आदि उपकरण मंदिर के कमरे को तोड़कर निकाला गया था।

भगवान वासुपूज्य स्वामी की तप, कैवल्य ज्ञान व निर्वाण स्थली होने के कारण मंदारगिरी तीर्थ जैन धर्मावलंबियों के लिए विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्त्व रखती है। ऐसे विश्व प्रसिद्ध पवित्र तीर्थस्थल पर चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।

चार चोरों ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम, करीब 1 घंटे तक मंदिर परिसर में रहे सक्रिय

मंदार पर्वत शिखर स्थित भगवान वासुपूज्य जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर एक नया खुलासा सामने आया है। मंदिर में चोरी से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले में जांच तेज होने की उम्मीद है। फुटेज के अनुसार, कथित तौर पर चार चोरों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में सभी चोरों का चेहरा ढंका दिखाई पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात्रि करीब 7:50 बजे से 9:10 बजे तक करीब 1 घंटे तक मंदिर परिसर में रहकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। मंदिर से चांदी के छह छत्र, गुप्त भंडार में रखी अनुमानित 25 हजार रुपये की राशि सहित अन्य सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

तेज पुलिस कार्रवाई से खुल सकता है चोरी का राज

घटना की जानकारी मिलने के बाद बौंसी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

विश्व जैन संगठन (दिल्ली) का मानना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

बिहार स्टेट दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमिटी के पदाधिकारियों को उम्मीद है कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में तेजी लाएगी तथा रोपवे परिसर के सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर चोरी की घटना का खुलासा करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts