रायपुर (विश्व परिवार)। शुक्रवार को रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 4 अंतर्गत डॉ विपिन बिहारी सूर वार्ड में मारवाड़ी श्मशानघाट के समीप वार्ड में 3 विभिन्न स्थानों पर नई सीसी रोड, नाली, पुलिया आदि के लगभग 30 लाख के नये विकास कार्यों का भूमिपूजन करते हुए रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे सहित पहुंचकर नागरिकों को शानदार सौगात दी। रायपुर दक्षिण विधायक ने महापौर सहित दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम जोन 6 अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद वार्ड अंतर्गत अयोध्या नगर में सीसी रोड, नाली, पुलिया एवं अन्य विविध नये विकास कार्यों का विभिन्न 11 स्थानों पर लगभग 76 लाख की लागत से श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर कार्यारंभ करते हुए भूमिपूजन करवाकर शानदार सौगात दी।
रायपुर दक्षिण विधानसभा अंतर्गत नगर निगम जोन 4 अंतर्गत डॉ विपिन बिहारी सूर वार्ड में लगभग 30 लाख रुपए एवं जोन 6 अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद वार्ड में लगभग 76 लाख, दो वार्डों में कुल लगभग 1 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत के नये विकास कार्यों के भूमिपूजन अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे सहित नगर निगम लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, एमआईसी सदस्य और डॉ विपिन बिहारी सूर वार्ड पार्षद मनोज वर्मा, चंद्रशेखर आजाद वार्ड पार्षद रमेश सपहा, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद अंजली जितेंद्र गोलछा, जयश्री नायक, प्रमोद कुमार साहू, रवि सोनकर, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता राकेश सिंह, नगर निगम जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता दीपक देवांगन सहित बड़ी संख्या में डॉ विपिन बिहारी सूर वार्ड एवं चंद्रशेखर आजाद वार्ड के रहवासी, गणमान्यजन, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, नवयुवक, वरिष्ठ नागरिक और बच्चों की उपस्थिति रही।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने इस अवसर पर कहा कि राजधानी शहर रायपुर के विकास में धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों को वर्ष 2028 तक जल भराव की समस्या से मुक्त करवाने आवश्यक सभी स्थानों पर नाले और नालियां बनवाने का संकल्प जनहित में लिया गया है। रायपुर दक्षिण विधायक ने कहा कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद वार्ड में 50 लाख रुपए से अधिक के नये विकास कार्य प्रारंभ करवाने का वादा किया था, जिसे आज 76 लाख रुपए के विकास कार्य शुरू कर पूरा कर दिया गया है। सभी नये विकास कार्य समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से गर्मी में पानी बचाने, वार्ड को स्वच्छ रखने और आदर्श वार्ड बनाने में सहभागी बनने की अपील की।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि हर वार्ड में नये विकास कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा पार्षदों की मांग पर राशि स्वीकृत की गई है।
महापौर मीनल चौबे ने रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी को रायपुर दक्षिण के वार्डों में नये विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि शासन से दिलवाने हेतु धन्यवाद दिया। महापौर ने नागरिकों को बधाई देते हुए गर्मी में पानी की हर बूंद बचाने और वर्षा जल संचय के लिए सभी घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार आने और नगर निगम रायपुर में नई परिषद बनने के बाद सभी वार्डों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
डॉ विपिन बिहारी सूर वार्ड में 30 लाख के नये विकास कार्य प्रारंभ होने पर वार्ड पार्षद व एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा और चंद्रशेखर आजाद वार्ड में 76 लाख के नये विकास कार्य प्रारंभ होने पर वार्ड पार्षद रमेश सपहा ने रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे को नागरिकों की ओर से धन्यवाद दिया।





