छत्तीसगढ़रायपुर

गर्मी में पानी संकट से निपटने एक्शन मोड में नगर निगम, महापौर ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने गर्मी के मौसम में पेयजल का अपव्यय कड़ाई के साथ रोकने और आवासीय सोसायटियों को दिए जाने वाले बल्क कनेक्शन से पूर्व जल की उपलब्धता का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नए कनेक्शन देने से पहले यह देख लिया जाए कि पुराने पाइप कनेक्शन धारियों का जलप्रदाय प्रभावित तो नहीं हो रहा है। महापौर ने गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पाइप लाइन बिछाने से पूर्व जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 8 कार्यालय पहुंचकर वहां नगर निगम लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष एवं शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 की गायत्री सुनील चंद्राकर, वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद संदीप साहू, पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद भगतराम हरबंश, माधव राव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 के पार्षद महेंद्र औसर, संत रविदास वार्ड क्रमांक 70 के पार्षद अर्जुन यादव सहित अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, जोन 8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, अंशुल शर्मा (जूनियर), सहायक अभियंता अनुराग पाटकर, उपअभियंता अबरार खान, लोचन प्रसाद चौहान की उपस्थिति में बैठक ली और सभी वार्डों में गर्मी के दौरान नागरिकों को की जा रही पेयजल आपूर्ति की जानकारी लेकर उसकी गहन समीक्षा की। साथ ही सभी नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य पहली प्राथमिकता पर सतत मॉनिटरिंग के साथ करने के निर्देश दिए।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगरवासियों को पेयजल की सुगमता से उपलब्धता नगर निगम का मूल प्राथमिक दायित्व है। यह कार्य सभी अधिकारी और कर्मचारी वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर सुनिश्चित करें।

महापौर मीनल चौबे ने चंगोराभाठा और रायपुरा क्षेत्र की पेयजल समस्या को लेकर पूर्व में दिए गए निर्देशों पर कार्रवाई न होने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और उनकी सुस्त कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जल समस्या से संबंधित सभी जनशिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रायपुरा एवं चंगोराभाठा पानी टंकी के जलप्रदाय क्षेत्र को अलग करने हेतु डीआई पाइप लाइन बिछाने का कार्य

इस कार्य का टेंडर दिनांक 23 अप्रैल 2026 तथा टेंडर खुलने की तिथि 25 मई 2026 निर्धारित है। वर्तमान में चंगोराभाठा पानी टंकी (क्षमता 32 लाख लीटर) से जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत भक्तमाता कर्मा वार्ड 67, डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड 68 एवं माधव राव सप्रे वार्ड 69 में जल आपूर्ति की जाती है।

जल समस्या के शीघ्र समाधान हेतु महापौर मीनल चौबे ने रायपुरा पानी टंकी से जलवाहिनी विस्तार कर दोनों टंकियों के जलप्रदाय क्षेत्र को अलग-अलग करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में स्वीकृत 90 लाख रुपए की पाइप लाइन राशि में शेष बची राशि तथा वर्तमान में स्वीकृत 46 लाख रुपए (समस्त टैक्स सहित) से पाइप लाइन विस्तार कर चंगोराभाठा एवं रायपुरा पानी टंकी के कमांड क्षेत्र को पृथक करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts