धमतरी (विश्व परिवार)। डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और भक्तों की सुविधा के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक की संकरा शाखा ने नगरी (रानीगांव) स्थित वेद माता गायत्री शक्तिपीठ मंदिर में डिजिटल ई-ऑफरिंग मशीन (ई-हुंडी) स्थापित की है। इस सुविधा के शुरू होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालु अब UPI, QR कोड और अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से आसानी से और सुरक्षित तरीके से दान कर सकेंगे।
डिजिटल दान की सुविधा से श्रद्धालुओं को नकदी साथ रखने या संभालने की जरूरत कम होगी। साथ ही दूर-दराज से आने वाले भक्त भी डिजिटल माध्यम से आसानी से दान कर सकेंगे।
डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने की पहल
इंडियन ओवरसीज बैंक की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर डिजिटल बैंकिंग और कैशलेस लेन-देन को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से सरल, सुरक्षित और पारदर्शी डिजिटल भुगतान समाधानों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
डिजिटल ई-ऑफरिंग मशीन का उद्घाटन मंदिर समिति के प्रतिनिधियों और बैंक के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से दान करने की प्रक्रिया और इसके फायदों की जानकारी भी दी गई।
वेद माता गायत्री शक्तिपीठ मंदिर नगरी क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। मंदिर में डिजिटल ई-हुंडी की सुविधा शुरू होने से श्रद्धालुओं के लिए दान की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और सुलभ होगी।







