रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ एक डॉक्टर ने अपनी सेवा, समर्पण और सतत अध्ययन के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। रायपुर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कचना में पदस्थ जनरल फिजिशियन डॉ. पंकज किशोर ने टेलीमेडिसिन के माध्यम से अब तक प्रदेश के सभी 33 जिलों के 39,480 मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए अक्टूबर माह में कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर उन्हें देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्ताक्षर से उन्हें विशेष प्रमाणपत्र भी ऑनलाइन प्रदान किया गया है।
डॉ. पंकज किशोर ने टेलीमेडिसिन के जरिए मरीजों को कुल 10,21,845 घंटे 33 मिनट का परामर्श समय दिया है। इस दौरान उन्होंने मरीजों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। उनकी इस सेवा का लाभ प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भी मिल रहा है।
iGOT प्लेटफॉर्म पर पूरे किए 3288 कोर्स
चिकित्सा सेवा के साथ-साथ डॉ. पंकज किशोर ने अपने ज्ञान और कौशल को लगातार विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने iGOT प्लेटफॉर्म पर अब तक 3288 कोर्स पूरे कर इतने ही प्रमाणपत्र प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 20,598 कर्मा पॉइंट भी अर्जित किए हैं। सतत अध्ययन और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण के चलते उन्हें अक्टूबर माह में कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर देश में पहला स्थान मिला।
पूरी तरह निःशुल्क है टेलीमेडिसिन सेवा
डॉ. पंकज किशोर ने बताया कि उनके द्वारा टेलीमेडिसिन सेवा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य दूर-दराज के गांवों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को घर बैठे चिकित्सकीय परामर्श एवं उचित उपचार का मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि दूरी और आर्थिक परेशानी के कारण किसी को इलाज से वंचित न रहना पड़े।
कलेक्टर और सीएमएचओ ने दी बधाई
रायपुर जिले से इतने बड़े स्तर पर निःशुल्क टेलीमेडिसिन सेवा देने और कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर देश में प्रथम स्थान हासिल करने पर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने डॉ. पंकज किशोर को बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।







