रायपुर (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी बैंकिंग सेवाओं के विस्तार एवं ग्राहकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर के डुंडा क्षेत्र में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया। शाखा का उद्घाटन छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के चेयरमैन राजीव अग्रवाल के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह में दिवाकर पी. सिंह, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, रायपुर अंचल, राज बीर सिंह, क्षेत्रीय प्रमुख, रायपुर क्षेत्र तथा अंकित जायसवाल, उप क्षेत्रीय प्रबंधक, रायपुर क्षेत्र सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी, ग्राहक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने शाखा परिसर का अवलोकन किया तथा बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयासों की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि डुंडा क्षेत्र में नई शाखा के प्रारंभ होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों एवं किसानों को बैंकिंग सेवाएँ अधिक सुगमता एवं सुविधा के साथ उपलब्ध होंगी। साथ ही क्षेत्र में वित्तीय जागरूकता एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
दिवाकर पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं विश्वसनीय बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है। नई शाखा बैंक की ग्राहक-केंद्रित सोच एवं वित्तीय समावेशन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
नई शाखा में ग्राहकों को जमा योजनाएँ, ऋण सुविधाएँ, डिजिटल बैंकिंग, बीमा, निवेश एवं अन्य वित्तीय सेवाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएँगी। उपस्थित नागरिकों एवं ग्राहकों ने बैंक की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।







