देशनई दिल्ली

कॉकपिट में भारतीय पायलट पर चाकू से हमला, आरोपी को-पायलट पर इजराइल में विमान गिराने की साजिश का शक

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला करने वाले को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल-हमामी ओमान का रहने वाला है और जांच एजेंसियों को उसके कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होने के सबूत मिले हैं।

पूछताछ के दौरान अल-हमामी ने कथित तौर पर विमान को इजराइल में क्रैश कराने की योजना की बात कही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कैप्टन पर हमला विमान को हाईजैक कर जानबूझकर दुर्घटनाग्रस्त कराने की साजिश का हिस्सा था या नहीं।

2024 में पायलट ट्रेनिंग से हटाया गया था

रिपोर्ट्स के अनुसार, अल-हमामी के रवैये को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके थे। वर्ष 2024 में उसे ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन Oman Air की पायलट ट्रेनिंग से कथित कट्टरपंथी विचारों के कारण हटा दिया गया था। रिपोर्ट्स में दावा है कि उसके द्वारा कट्टरपंथी इस्लामिक वेबसाइट्स देखे जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, बाद में उसे एयरलाइन में दूसरी जिम्मेदारी दे दी गई थी।

बताया जा रहा है कि अल-हमामी करीब 8 महीने पहले फ्लाईदुबई से जुड़ा था। वह इससे पहले Royal Air Maroc के साथ भी काम कर चुका था।

सीरिया में रहने के दौरान प्रभावित हुआ कट्टरपंथी विचारों से

अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, अल-हमामी ने ओमान से बाहर काफी समय बिताया था और लंबे समय तक सीरिया में भी रहा। इसी दौरान उसके कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

जांच एजेंसियां उसके संपर्क में रहे लोगों और धार्मिक व्यक्तियों से मुलाकातों की भी जांच कर रही हैं। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वह किस नेटवर्क या माध्यम के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित हुआ।

कॉकपिट में कैप्टन पर किया चाकू से हमला

घटना फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया।

FlightRadar24 के मुताबिक, घटना के दौरान विमान की ऊंचाई करीब 33 हजार फीट से एक मिनट में 17 हजार फीट तक नीचे आ गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने आरोपी को काबू किया।

विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी स्थिति संभालने और विमान की कमान में मदद की।

सऊदी अरब में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

हमले के बाद विमान की सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। घटना के समय विमान में कुल 174 लोग सवार थे। इनमें ज्यादातर इजराइली यात्री थे। विमान में भारतीय और UAE के नागरिक भी मौजूद थे। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, चार यात्री अमेरिकी नागरिक थे।

हमले में कैप्टन स्मित मच्छर गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर अबू धाबी ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जांच के घेरे में फ्लाईदुबई की सुरक्षा प्रक्रिया

जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि पहले से कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों को लेकर चिंता जताए जाने के बावजूद अल-हमामी को तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट की ड्यूटी कैसे मिली।

CNN के मुताबिक, इजराइल की शिन बेट, मोसाद, सेना और ट्रांसपोर्टेशन मिनिस्ट्री समेत कई एजेंसियां इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अल-हमामी को फ्लाइट क्रू में शामिल करने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जांच किस स्तर पर हुई थी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के बाद अल-हमामी को सऊदी अरब से UAE भेज दिया गया है, जहां उसके खिलाफ आतंकवाद से जुड़े मामले में जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts