रायपुर (विश्व परिवार)। आज नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने नगर निगम जोन 9 क्षेत्र अंतर्गत जब्बार नाला, चंडी नगर नाला और श्याम मंदिर वीआईपी रोड नाला में बारिश पूर्व चल रहे सफाई अभियान का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जोन 9 अध्यक्ष गोपेश साहू, एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन, वार्ड पार्षद प्रभा मनोज विश्वकर्मा, सावित्री धीवर, मोहन साहू, देवदत्त द्विवेदी, जोन 9 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बारोन बंजारे, उमेश नामदेव तथा स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन नालों की बारिश पूर्व एक बार सफाई कराई जा चुकी है। इस पर स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने मानसून शुरू होने से पहले दूसरे चरण में भी इन नालों की व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश जोन 9 जोन कमिश्नर को दिए।
निरीक्षण के दौरान गायत्री सुनील चंद्राकर ने नाला सफाई कार्य में संबंधित अनुबंधित ठेकेदार एवं ठेका सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश से पहले सभी नालों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







