धर्म

जैन अधिवक्ता एसोसिएशन मध्य प्रदेश का वृहद आयोजन संपन्न

कुंडलपुर (विश्व परिवार)। संभाग सागर (मध्य प्रदेश) में जैन अधिवक्ता एसोसिएशन मध्य प्रदेश द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जैन समाज के अधिवक्ताओं को एक मंच पर संगठित करना, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभवों से नवीन अधिवक्ताओं को लाभान्वित करना तथा संगठन की भावी कार्ययोजना निर्धारित करना था।

कार्यक्रम में 50 वर्ष से अधिक समय से वकालत व्यवसाय में सक्रिय वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान किया गया। साथ ही, संगठन के संभाग स्तर पर अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न पदों पर नामों की घोषणा की गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से उपस्थित अधिवक्ताओं का परिचय कराया गया तथा संगठन के भविष्य के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में यह संकल्प लिया गया कि जैन समाज के अधिवक्ताओं को एक सशक्त मंच प्रदान कर उन्हें संगठित किया जाएगा, जिससे वे वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अपने व्यवसायिक दायित्वों का निर्वहन वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से अधिक प्रभावी एवं सुचारु रूप से कर सकें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश चंद जैन (खंडवा) द्वारा की गई। मंचासीन अतिथियों में चंद्र कुमार सराफ (अध्यक्ष), आर.के. जैन (महामंत्री), यू.सी. जैन (सदस्य, कुंडलपुर जी समिति), सौरव जैन कोठिया (व्यवस्था आयुक्त, सहकारी समिति, दमोह), मुकेश जैन (जी.पी., दमोह), दीपक भंडारी (जी.पी., सागर), मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, मुख्यपीठ जबलपुर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष धन्य कुमार जैन, जबलपुर जिला न्यायालय बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र जैन, जैन अधिवक्ता एसोसिएशन मध्य प्रदेश के अध्यक्ष बसंत कुमार जैन (भोपाल), सचिव अनिल कुमार जैन (शहडोल), संयुक्त अध्यक्ष मनोज जैन (उज्जैन) तथा संयुक्त सचिव रजनीश जैन (जबलपुर) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के आयोजन में अधिवक्ता अंकित जैन (सागर), आकाश जैन (दमोह) एवं संस्कार जैन (हटा) की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता अमित कुमार जैन, इंदौर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत दीप प्रज्ज्वलन, ध्वजारोहण, मंगलाचरण एवं सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने संगठन की एकता एवं समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts