छत्तीसगढ़रायपुर

पत्रकारिता जगत के शांत कर्मयोगी थे स्व. दिलीप तिवारी, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी के पिता को पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर (विश्व परिवार) । रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी के पिता स्व. दिलीप तिवारी के निधन पर प्रेस क्लब में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। वरिष्ठ पत्रकारों ने स्व. तिवारी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, स्व. दिलीप तिवारी जी का जीवन संघर्ष, श्रम और अनुशासन की मिसाल रहा। लगभग 50 वर्षों तक उन्होंने अखबार वितरण का कार्य किया। उनकी हर सुबह अखबारों के साथ शुरु होती थी। उनके लिए अखबार वितरण आजीविका का साधन मात्र नहीं, समाज को सूचनाओं से जोड़ने के प्रति समर्पण था। एक शांत कर्मयोगी के रूप में वे पांच दशकों तक कार्य करते रहे।
वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडेय ने कहा, किसी परिवार के लिए पिता का साया उठ जाना कठिन क्षण होता है। ऐसे समय में प्रेस क्लब और पत्रकार साथी मोहन तिवारी व परिवार के साथ हैं। उन्होंने स्व. दिलीप तिवारी की सादगी और समर्पण की सराहना की।
वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी ने स्व. तिवारी के साथ अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कैसे लंबे समय तक वे अखबार वितरण के कार्य में संलग्न रहे। इस दौरान अनुशासन, समर्पण और सादगी से उन्होंने अपने साथियों को प्रेरणा दी। एक कुशल घड़ीसाज के रूप में भी वे जाने पहचाने जाते रहे। अपने श्रम व ईमानदारी से जीवनभर सम्मान अर्जित किया।
वरिष्ठ पत्रकार रामावतार तिवारी ने कहा कि मोहन तिवारी के व्यक्तित्व में पिताजी की सादगी और सबको साथ लेकर चलने की प्रेरणा परिलक्षित होती है। श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ पत्रकारों ने तिवारी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष बृजेश चौबे, प्रकाश शर्मा, रामावतार तिवारी, अनिल पुसदकर, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, संदीप पुराणिक, प्रदीप दुबे, पप्पू फरिश्ता, राजेंद्र निगम, मनीष वोरा, गोकुल सोनी, दीपक पांडेय, मोहसीन अली सुहैल, व्यास पाठक, निकष परमार, विजय मिश्रा, जावेद खान, रत्ना पांडेय, चंदन साहू, योगेश साहू समेत बड़ी संख्या में पत्रकार गण उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts