छत्तीसगढ़रायपुर

महापौर मीनल चौबे की सख्ती, अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। आज नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 4 कार्यालय में पहुंचकर पार्षदों और अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिये। महापौर ने बैठक में पार्षदों से सुझाव लिये। महापौर ने अधिकारियों को वार्ड पार्षदों से समन्वय बनाकर जनसमस्याओं का त्वरित निदान करने एवं विकास कार्यों को वार्डो में गतिमान करने के निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारीगण जोन में जनसमस्या लेकर आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों के साथ अच्छा व्यवहार करें। गंभीरता से शिकायतो को सुने एवं उनके यथा संभव निदान हेतु कार्य करें । कार्यालय में बैठकर नहीं बल्कि वार्डो में फील्ड में उतरकर समस्याओं का निरीक्षण कर उसका त्वरित निदान करने का कार्य करें। फील्ड पर जाकर जनता की समस्याएं सुने, जनप्रतिनिधि पार्षदों से समन्वय रखकर कार्य करें।
महापौर ने जलभराव क्षेत्रो में व्यवस्थित सफाई करवाकर यह सुनिश्चित करने निर्देशित किया कि उन स्थानों पर दोबारा जलभराव ना होने पाये। महापौर ने अधिकारियों को जोन क्षेत्र के वार्डो में अवैध निर्माणों पर नियमानुसार सख्ती के साथ कार्यवाही करना सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
महापौर मीनल चौबे द्वारा जोन 4 में ली गई समीक्षा बैठक के दौरान नगर निगम जोन 4 जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा, एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी पार्षद अर्जुमन एजाज ढेबर, अजय साहू, पार्षद प्रतिनिधि संतोष हियाल, जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन, अन्य संबंधित जोन 4 अधिकारियों की उपस्थिति रही।
महापौर मीनल चौबे ने आज 10 जुलाई 2026 को वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष हियाल के जन्मदिन में बैठक पश्चात उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी । सभी पार्षदों ने पार्षद प्रतिनिधि संतोष हियाल को जन्मदिन की बधाई दी एवं इस अवसर पर केक काटकर पार्षदों और अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts