छत्तीसगढ़रायपुर

स्वच्छता और हरियाली का संदेश: पर्यावरण संरक्षण अभियान में शामिल हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा

  • ‘एक पेड़, एक जिम्मेदारी’— विधायक पुरन्दर मिश्रा ने किया पर्यावरण संरक्षण का आह्वान
  • पौधारोपण कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश, स्वच्छता अभियान में जुटे विधायक पुरन्दर मिश्रा
  • विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वच्छता और वृक्षारोपण के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर (विश्व परिवार)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जवाहर नगर मंडल द्वारा आयोजित स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण केवल प्रकृति का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष केवल पौधा नहीं, बल्कि स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण का आधार होता है।
श्री मिश्रा ने उपस्थित नागरिकों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप मिला है और उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा अनेक पौधों का रोपण किया। पूरे परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प ले तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छता एवं हरियाली के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts