बीरगांव (विश्व परिवार)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सहयोग से जुलाई 2023 में राष्ट्रीय यांत्रिकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र कार्य योजना (नमस्ते) प्रारंभ की गई थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना तथा स्वच्छता कार्यों के दौरान शून्य मृत्यु दर प्राप्त करना है।
नगर पालिक निगम बीरगांव में “नमस्ते दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत समस्त स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया तथा स्वच्छता कर्मियों को उनकी सुरक्षा हेतु पीपीई किट वितरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी कमल नारायण जंघेल द्वारा नमस्ते योजना के उद्देश्यों एवं प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को कार्य करते समय आवश्यक सावधानियां बरतने एवं सुरक्षा उपायों का पालन करने के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
नगर पालिक निगम बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन, आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, पार्षद खेमलाल साहू, निगम सचिव श्वेता अम्बिलकर, स्वास्थ्य अधिकारी कमल नारायण जंघेल, स्वच्छता निरीक्षक राजेश सिंह क्षत्रिय, जिला समन्वयक (PIU) विकास जांगड़े सहित समस्त सफाई सुपरवाइजर, सफाई कर्मचारी एवं स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।







