रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार एवं पद्म विभूषण सम्मान से सम्मानित तीजन बाई की स्वास्थ्य स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ, सामान्य कमजोरी और पहले से मौजूद कई गंभीर सह-रुग्ण (को-मॉर्बिड) बीमारियों के चलते 27 मई 2026 को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। वर्तमान में उनका इलाज अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में चल रहा है।
एम्स रायपुर द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार तीजन बाई विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहु-विषयक (मल्टीडिसिप्लिनरी) टीम की सतत निगरानी में हैं। गहन चिकित्सा प्रबंधन के बावजूद उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है और उनमें जीवन के लिए खतरा उत्पन्न करने वाली जटिलताएं मौजूद हैं। उनके समग्र उपचार के लिए विभिन्न विशेषज्ञों से लगातार परामर्श लिया जा रहा है।
इस बीच एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल ने स्वयं क्रिटिकल केयर यूनिट पहुंचकर तीजन बाई के स्वास्थ्य की समीक्षा की। उन्होंने उपचार की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया और चिकित्सकों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एम्स रायपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देबेन्द्र कुमार त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
एम्स प्रबंधन ने बताया कि तीजन बाई की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें उपलब्ध सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।







