- शिक्षा, स्वास्थ्य और लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए सांसद का संबल
- रामायण, जसगीत और भजन मंडलियों को मिली आर्थिक मजबूती
रायपुर (विश्व परिवार)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं रायपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हमेशा की तरह अपने जनसरोकार और संवेदनशील नेतृत्व का परिचय देते हुए जरूरतमंदों की ओर मदद का हाथ बढ़ाया है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाने और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने के संकल्प के साथ सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को 140 हितग्राहियों को संस्थागत अनुदान के तहत लगभग 21 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए व्यक्तिगत हितग्राहियों के साथ ही रामायण मंडली, भजन मंडली एवं जसगीत मंडलियों से जुड़े संस्थान और समूह भी शामिल हैं।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “जनता की सेवा ही मेरा सर्वोपरि धर्म है। बच्चों का सुनहरा भविष्य, बीमारों का बेहतर उपचार और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देने के लिए यह उनका प्रयास है।
वितरित की गई राशि में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार, मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और ग्रामीण अंचलों में सांस्कृतिक चेतना जगाने वाली संस्थाओं को प्राथमिकता दी गई।
लोक संस्कृति और भक्ति परंपरा को नया संबल
छत्तीसगढ़ की माटी, लोक कला और आस्था को सदैव शीर्ष पर रखने वाले सांसद अग्रवाल ने लोक संगीत और भक्ति परंपरा को जीवित रखने वाली संस्थाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया। चेक वितरण में क्षेत्र की प्रमुख रामायण मंडलियां, भजन मंडलियां, जसगीत मंडलियां भी शामिल रहीं।
सांसद ने कहा कि ये मंडलियां केवल भजन-कीर्तन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक समरसता और सनातन संस्कारों की रीढ़ हैं। इन्हें संबल प्रदान करना पूरे समाज को संस्कारवान बनाने का कार्य है।
कार्यक्रम के दौरान सहायता पाने वाले हितग्राहियों और मंडली के प्रतिनिधियों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी क्षेत्र में किसी को शिक्षा, स्वास्थ्य या सामाजिक कार्य के लिए आवश्यकता होती है, बृजमोहन जी हमेशा एक अभिभावक की तरह ढाल बनकर खड़े रहते हैं।
सांसद अग्रवाल ने सभी हितग्राहियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की मंगलकामना करते हुए विश्वास दिलाया कि जनसेवा और विकास का यह अविरल प्रवाह आगे भी इसी ऊर्जा के साथ निरंतर जारी रहेगा।







