छत्तीसगढ़रायपुर

CISCE राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राजकुमार कॉलेज के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, शूटिंग में दो रजत और स्विमिंग में तीन पदक

रायपुर (विश्व परिवार)। राजकुमार कॉलेज, रायपुर के विद्यार्थियों ने अगस्त और सितंबर 2026 में आयोजित CISCE की दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। खिलाड़ियों ने शूटिंग में दो रजत पदक हासिल किए, जबकि स्विमिंग में तीन पदक जीतने के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया।

शूटिंग में दो रजत पदक

7वीं CISCE राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन 27 से 29 अगस्त तक सेंट जूड्स स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ क्षेत्र से 27 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें राजकुमार कॉलेज के 25 खिलाड़ी शामिल थे।

अंडर-17 बालक वर्ग की एयर राइफल पीप साइट स्पर्धा में कुँवर कार्तिक सिंह देव ने रजत पदक हासिल किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग की एयर पिस्टल स्पर्धा में आरुष बंसल ने रजत पदक जीता। इसके अलावा कॉलेज के 6 विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई। दोनों रजत पदक विजेता खिलाड़ियों ने 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स 2026 (SGFI) के लिए भी क्वालीफाई किया है।

स्विमिंग में तीन पदक और बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

इसके बाद 2 से 4 सितंबर तक बेंगलुरु में आयोजित 7वीं CISCE राष्ट्रीय स्विमिंग चैम्पियनशिप 2026 में छत्तीसगढ़ की 36 सदस्यीय टीम ने हिस्सा लिया। इसमें राजकुमार कॉलेज के 31 विद्यार्थी शामिल थे, जिनमें 19 बालक और 12 बालिकाएं थीं।

स्विमिंग में उपराज सिंह सैंडो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक जीते।

50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में उपराज सिंह सैंडो ने 31.27 सेकंड का समय दर्ज कर नया CISCE राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 31.89 सेकंड के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। इसके अलावा राजकुमार कॉलेज के 12 विद्यार्थियों ने टॉप-10 में स्थान बनाया। उपराज सिंह सैंडो ने भी 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स 2026 (SGFI) के लिए क्वालीफाई किया है।

राजकुमार कॉलेज के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को उनकी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम बताया गया। कॉलेज के प्राचार्य कर्नल अविनाश सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts