रायपुर (विश्व परिवार)। कारगिल युद्ध 1999 के अमर शहीद नायक कौशल यादव की धातु प्रतिमा का अनावरण राजधानी रायपुर के नगर निगम जोन क्रमांक-4, वार्ड क्रमांक-57 स्थित आकाशवाणी के समीप काली माता मंदिर के पास उनके 27वें शहादत दिवस पर किया गया।
प्रतिमा का अनावरण रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन-5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, पार्षद अर्जुन यादव, प्रमोद कुमार साहू, अजय साहू, पार्षद प्रतिनिधि संतोष हियाल, पूर्व सैनिक राकेश कुमार सोनी, राजेश कुमार तिवारी, नवीन वर्मा, छत्तीसगढ़ यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर यादव, संरक्षक जगदीश प्रसाद यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जनक यादव, प्रांतीय सचिव श्याम यादव, संगठन मंत्री सूरज यादव, युवा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष अनूप यदु, मंडल अध्यक्ष सुनील कुकरेजा, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, अन्य अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति में किया गया।
बृजमोहन अग्रवाल ने सुझाव दिया कि प्रतिमा स्थल के पास शहीद गैलरी स्थापित की जाए, जिसमें वीर शहीद सैनिकों की प्रतिमाएं लगाई जाएं ताकि नागरिक और युवा उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा वीर सैनिकों के साहस और बलिदान की बदौलत संभव है, इसलिए हर नागरिक को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
मीनल चौबे और सुनील सोनी ने 27वें शहादत दिवस पर नायक कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सूर्यकांत राठौड़ ने जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी को प्रतिमा स्थल के आसपास रेलिंग और समुचित प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने युवाओं से देश के वीर सैनिकों के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील भी की।
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि राजधानी में नायक कौशल यादव की प्रतिमा की स्थापना पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है और इससे आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन जनक यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मुरली शर्मा ने किया।







