रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा अमुनिया बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस तीन दिवसीय एक्सपो में देशभर के टेंट, डेकोर और इवेंट उद्योग से जुड़े प्रतिष्ठित डीलर, निर्माता और व्यवसायी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य टेंट एवं इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों को आधुनिक तकनीक, नए उत्पादों और व्यवसायिक अवसरों से जोड़ना है।
एक्सपो में आधुनिक टेंट, स्टेज, एंट्री गेट, कार्निवल सेटअप, स्टॉल डिज़ाइन, कैटरिंग उपकरण, लाइटिंग, साउंड सिस्टम और अन्य ट्रेंडिंग डेकोरेशन प्रोडक्ट्स का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ नई तकनीकों और कार्यप्रणालियों की जानकारी देंगे, जिससे व्यवसायी कम लागत और कम समय में बेहतर गुणवत्ता के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर सकें।
छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ ने बताया कि यह आयोजन टेंट, लाइट, साउंड और इवेंट मैनेजमेंट व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ-साथ इस क्षेत्र में नए कदम रखने वाले युवाओं के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने प्रदेशभर के व्यवसायियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में एक्सपो में शामिल होने की अपील की। प्रेस वार्ता में संयोजक तरनजीत सिंह होरा, उपाध्यक्ष पारस होरा, रिंकू भाकरे सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
31 जुलाई को होगा शुभारंभ
एक्सपो का उद्घाटन 31 जुलाई को सुबह 10 बजे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं ऑल इंडिया टेंट डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल सिंघल, ऑल इंडिया टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव करतार सिंह कोचर तथा चेयरमैन रामकृष्ण दादूभाई पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उद्घाटन के बाद वार्षिक आम सभा (एजीएम) आयोजित होगी, जिसमें व्यापार से जुड़ी समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की जाएगी। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
1 अगस्त को जीएसटी सेमिनार और अवार्ड शो
एक अगस्त को दोपहर 12 बजे जीएसटी सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इसमें करतार सिंह कोचर और एडवोकेट इंदिरा चंद प्रजापति व्यापारियों को जीएसटी नियमों की जानकारी देंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। शाम 4 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अवार्ड शो का आयोजन होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के टेंट, लाइट, साउंड और इवेंट उद्योग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।
2 अगस्त को होगा समापन
एक्सपो के अंतिम दिन देशभर से आए व्यापारियों और पदाधिकारियों को रायपुर शहर का स्थानीय भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों से भी परिचित कराया जाएगा। शाम को समापन समारोह के साथ तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक समापन होगा।







