धर्म

कटरा जैन मंदिर में संत समागम बना ऐतिहासिक क्षण, आचार्य श्री विभव सागर महाराज और रावतपुरा सरकार का हुआ आत्मीय मिलन

सागर (विश्व परिवार)। कटरा स्थित श्री गौराबाई दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को उस समय ऐतिहासिक और भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब चातुर्मासरत आचार्य श्री 108 विभव सागर जी महाराज के दर्शन के लिए संत श्री रविशंकर जी महाराज ‘रावतपुरा सरकार’ पहुंचे । उनके आगमन के साथ ही पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने दोनों संतों के आत्मीय मिलन का साक्षी बनकर हर्ष व्यक्त किया ।
संत श्री रावतपुरा सरकार के मंदिर पहुंचने पर आचार्य श्री विभव सागर जी महाराज ने उनका आत्मीय स्वागत किया । विशेष रूप से आचार्य श्री ने स्वयं उनका हाथ पकड़कर मंदिर परिसर में विराजमान जिन प्रतिमाओं एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए । इस दौरान दोनों संत एक-दूसरे की सरलता, सहजता और साधना की प्रशंसा करते रहे । यह दृश्य उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और भाव-विभोर करने वाला रहा ।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए संत श्री रविशंकर जी महाराज ने जैन धर्म के दशलक्षण पर्व, जैन साधुओं की कठिन चर्या और तपस्या के प्रति अपने भाव व्यक्त किए । उन्होंने आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के प्रति भी अपनी श्रद्धा प्रकट की तथा जैन संत परंपरा की त्यागमयी साधना की सराहना की । उन्होंने श्री सम्मेद शिखरजी की कई बार वंदना करने के अपने अनुभवों का भी उल्लेख किया ।
संत श्री रावतपुरा सरकार ने आचार्य श्री विभव सागर जी महाराज के तप, त्याग और साधना के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें महान संत बताया ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts