रायपुर (विश्व परिवार) । आज भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर टेस्टिंग पायलट रायपुर निवासी शहीद अरूण केशव सप्रे का उनकी जयंती पर नगर निगम रायपुर मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के सामान्य सभा सभागार में स्थित तैल चित्र के समक्ष सादर नमन करने नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान में जोन 4 के सहयोग से संक्षिप्त पुष्पांजलि आयोजन रखा गया। जिसमें पहुंचकर नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी ने नगर निगम संस्कृति विभाग की ओर से शहीद अरूण केशव सप्रे को जयंती पर सादर नमन किया।
संक्षिप्त आयोजन में शहीद अरूण केशव सप्रे की धर्मपत्नी मध्यप्रदेश शासन महिला एवं समाज कल्याण विभाग के पूर्व संचालक सदस्य मीना ताई सप्रे उनके सुपुत्र मुनेश सप्रे, नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा सहित संस्कृति विभाग कर्मचारी श्वेता शिंदे सहित अन्य सम्बंधित निगम कर्मचारियों ने शहीद अरूण केशव सप्रे को जयंती पर सादर नमन किया। रायपुर निवासी शहीद अरूण केशव सप्रे की दिनांक 21 नवंबर 1971 को भारतीय वायु सेवा की युद्धाभ्यास तैयारी की ड्यूटी के दौरान भारतीय वायु सेना के युद्धक विमान मारूत को युद्ध हेतु तैयार करते समय आकस्मिक दुर्घटना में मृत्यु हो गई। उनकी स्मृति में रायपुर में नगर निगम सामान्य सभा सभागार में उनका तैल चित्र लगाया गया जहां उनकी पुण्यतिथि 21 नवंबर और जयंती 23 अप्रैल को नगर निगम संस्कृति विभाग द्वारा जोन 4 के सहयोग से नमन करने पुष्पांजलि आयोजन नियमित हर वर्ष रखा जाता है।




