नई दिल्ली (विश्व परिवार)। लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। हालांकि राहुल गांधी ने अपने भाषण में कई बार पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया। इसके कारण सत्ता पक्ष एऩडीए के सांसदों ने भारी हंगामा किया। भाषण के दौरान राहुल गांधी की ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ और अमित शाह पर राहुल को गोली मारने के लिए आदेश देने का आरोप लगाया। इस पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद सदन में जोरदार हंगामा हुआ। राहुल गांधी के इन आरोपों पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भड़क गए। उन्होंने राहुल गांधी से माफी की मांग की। जबकि स्पीकर ओम बिरला को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा।
राहुल गांधी ने पेपर लीक से जुड़े बिल पर 50 मिनट स्पीच दी। उन्होंने इडियट और अंधभक्त जैसे शब्द बोले। फिर कहा कि गृहमंत्री ने दिल्ली में छात्रों पर फायरिंग के आदेश दिए। इसको लेकर सत्तापक्ष ने जमकर हंगामा किया।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 5 बार खड़े होकर राहुल को टोका और संसदीय रूल्स का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को माफी मांगनी चाहिए। जबकि स्पीकर ओम बिड़ला ने भी राहुल को 10 से ज्यादा बार टोका। कहा कि वे इस तरह के असंसदीय शब्द नहीं बोल सकते। स्पीकर ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अपील पर इन शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटा दिया।
अपने भाषण के दौरान लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री ने छात्रों पर शूटिंग की इजाजत दी। पैलेट गन चलाने का आदेश दिया। छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया। गृह मंत्री को संसद में बैठने का साहस नहीं है। इसपर किरेन रिजिजू ने कहा कि आप बिना सोचे समझे बोल रहे हैं। ऐसा मत बोलिए। आपको गंभीरता से बोलना चाहिए। ये ठीक नहीं है। ये किस आधार पर आपने बयान दिया। आपको किसने बताया। आप माफी मांगिए। गोली चली, ये छोटी बात नहीं है। ऐसा कैसे कह सकते हैं कि किसी ने गोली चलाई। ये गंभीर आरोप है। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
रिजिजू बोले- राहुल गांधी ऑर्डर की कॉपी दिखाएं
राहुल गांधी ने कहा कि बलों का उपयोग गृह मंत्री के आदेश पर ही होता है, किसी और के आदेश पर नहीं। स्पीकर ने कहा कि आप मेरे कहने के बाद भी चेयर के आदेश की बार-बार अवहेलना कर रहे हैं, यह उचित नहीं है। विपक्षी सदस्यों ने जवाब दो, जवाब दो, गृह मंत्री जवाब दो के नारे लगाने शुरू कर दिया। लोकसभा में जोरदार हंगामा हो रहा है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आप होम मिनिस्टर के फायरिंग वाले ऑर्डर की कॉपी निकालिए। सदन में रखिए। ऑर्डर की कॉपी दिखाइए कि किस ऑर्डर नंबर के तहत गृह मंत्री ने किस अधिकारी को फायरिंग के ऑर्डर दिए। स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सदन नियम-प्रक्रिया से चलता है। सदन में कोई आरोप लगाते समय तथ्य देख लीजिए. राहुल गांधी ने कहा कि बोल सकते हैं सर. स्पीकर ने कहा कि बोल सकते हैं, लेकिन नियम-प्रक्रिया से बोल सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इनको बैठाइए। स्पीकर ने कहा- नो। इसके बाद स्पीकर ने कहा कि आप नहीं बोलना चाहते, तो अगले वक्ता को बुलाऊं फिर। आप तथ्यों पर बोलें। नेता प्रतिपक्ष हैं, जो बोला जाता है वह वर्षों तक कार्यवाही का हिस्सा रहता है. आप जो भी बोलें, मर्यादा के भीतर रहकर बोलें।
किरेन रिजिजू अमित शाह से मिले
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू अमित शाह से मिलने पहुंचे। अमित शाह की रिजिजू के साथ चल रही मुलाकात के दौरान संबित पात्रा, अनिल बलूनी भी मौजूद थे।







