छत्तीसगढ़रायपुर

यंग इंडियंस (वाईआई) रायपुर 16-17 सितंबर को करेगा ‘युवा उत्सव 5.0’ का भव्य आयोजन; ‘फ्यूचर 6.0’ का किया अनावरण

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अभिन्न अंग, यंग इंडियंस (वाईआई) रायपुर ने आज एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर अपनी फ्लैगशिप पहल ‘युवा उत्सव 5.0’ की औपचारिक घोषणा की तथा ‘फ्यूचर 6.0’ की रूपरेखा का अनावरण किया। यह दो दिवसीय राज्यस्तरीय युवा महाकुंभ 16 और 17 सितंबर 2026 को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा।
इस वृहद आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि और उपमुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ सीआईआई के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शीर्ष शिक्षाविद् और उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
“द नेक्स्ट मूव” (अगला कदम) की थीम पर आधारित ‘युवा उत्सव 5.0’ युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, उद्यमशीलता और तकनीक के विकास का एक प्रमुख मंच बनेगा। इस आयोजन में प्रदेश के 17 अग्रणी शिक्षण संस्थानों के लगभग 2,000 से 2,200 विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में जाने-माने माइंडसेट कोच, मोटिवेशनल स्पीकर एवं लेखक राहुल कपूर अपना मुख्य वक्तव्य देंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय विशेषज्ञ पैनल में अर्जुन वैद्य (संस्थापक डी2सी), कुशल अग्रवाल (सह-संस्थापक – जॉक्सोडे) तथा सृष्टि तनवानी (सीईओ-इंडो एरा) युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। क्षेत्रीय उद्योग पैनल में ऐश्वर्या गोयल, अभिनव जैन, अभिषेक जायसवाल और विकास गोयल जैसे दिग्गज परिचर्चा में भाग लेंगे। साथ ही, केरल के 17 वर्षीय एआई ट्रेनर राउल जॉन अजू द्वारा एक विशेष तकनीकी सत्र का संचालन किया जाएगा।
विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में पांच विशेष कार्यशालाओं की रूपरेखा तय की गई है। इनमें प्रांजल कामरा द्वारा वित्तीय साक्षरता, अनुश्री एवं अंकुश द्वारा एआई व प्रॉम्ट इंजीनियरिंग, नम्रता धारीवाल द्वारा सोशल मीडिया ग्रोथ, मानव गुप्ता द्वारा पब्लिक स्पीकिंग तथा श्रेयांस श्रीश्रीमाल द्वारा ‘स्टॉप क्लिकिंग. स्टार्ट सीइंग’ विषय पर संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के 10 चयनित स्टार्टअप्स के इनोवेशन मॉडल्स की प्रदर्शनी और लाइव म्यूजिकल बैंड परफॉर्मेंस का भी आयोजन होगा।
इसी के साथ ‘फ्यूचर 6.0’ विजन के माध्यम से युवाओं को वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और नगरीय चुनौतियों के व्यावहारिक एवं स्केलेबल समाधान तैयार करने के लिए सशक्त किया जाएगा।
आज आयोजित इस कर्टेन-रेज़र पत्रकार वार्ता में सीआईआई यंग इंडियंस (Yi) रायपुर के चेयर पंकज सोमानी, को-चेयर कवित पसारी, यंग इंडियंस के ‘युवा’ (Yuva) वर्टिकल की चेयर सुश्री प्रियंका गवलानी, ‘युवा’ को चेयर आदित्य अग्रवाल एवं सीआईआई छत्तीसगढ़ सचिवालय से नाजिश फरहान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts