छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ के 4 लाख कर्मचारियों-पेंशनभोगियों को DA का इंतजार, संघ ने की एरियर्स सहित भुगतान की मांग

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ते की सौगात मिलने की प्रतीक्षा के बीच छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्योत्सव एवं दीपावली से पहले महंगाई भत्ते की घोषणा करने की मांग की है। संघ ने प्रदेश के लगभग 4 लाख शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के हितों का हवाला देते हुए 1 जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ता एरियर्स सहित तत्काल स्वीकृत करने का आग्रह किया है।
संघ ने अपने पत्र में कहा है कि राज्योत्सव एवं दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर महंगाई भत्ते की घोषणा नहीं होने से शासकीय सेवकों में निराशा और असंतोष की स्थिति बन रही है। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को 1 जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ता तत्काल घोषित किया जाए तथा नियमानुसार बकाया राशि का एरियर्स सहित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
संघ का मानना है कि समय पर निर्णय होने से कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी और शासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत होगा। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई है कि राज्योत्सव एवं दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की मांग पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts