छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का असर, 5 जिलों में रेड अलर्ट; कई जिलों में स्कूल बंद

रायपुर (विश्व परिवार)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायपुर और रायगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, वहीं गरियाबंद में देर रात से लगातार बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटे में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में कई जगह भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ में ज्यादा दिखने की आशंका है।
एहतियात के तौर पर जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। गरियाबंद और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
29 अक्टूबर को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts