रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग महिला, किसान, युवा, मजदूर और गरीब को साथ लेकर चलने वाला है। खाद्यान्न योजना से लेकर महतारी सदन, मेडिकल कॉलेज से लेकर उद्योग और सड़क विकास तक हर क्षेत्र में मजबूत प्रावधान यह साबित करते हैं कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि ठोस क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की ठोस आधारशिला है। जनकल्याण, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी प्रगति के संतुलित समावेश के साथ यह बजट प्रदेश में सकारात्मक माहौल और विश्वास का वातावरण मजबूत करेगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जल संसाधन, सड़क, आवास और खाद्यान्न जैसी योजनाओं में बड़े प्रावधान से गांवों में मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। महतारी सदनों के निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को सशक्त मंच मिलेगा और सामाजिक समरसता को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट वास्तव में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प है।





