रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा स्थित शांतिनिकेतन महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध इस महाविद्यालय में विज्ञान, वाणिज्य और कंप्यूटर शिक्षा से जुड़े कई लोकप्रिय पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार बीएससी, बीकॉम, बीसीए, डीसीए, पीजीडीसीए तथा एमएससी जैसे पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों का प्रवेश लिया जा रहा है। खासतौर पर बीएससी माइक्रोबायोलॉजी और कंप्यूटर आधारित पाठ्यक्रमों के प्रति छात्रों की रुचि लगातार बढ़ रही है। माइक्रोबायोलॉजी के क्षेत्र में रिसर्च, हॉस्पिटल, फार्मास्यूटिकल्स, फॉरेंसिक साइंस, डेयरी उद्योग और बायोइन्फॉर्मेटिक्स जैसे क्षेत्रों में बेहतर करियर की संभावनाएं हैं।
महाविद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए स्पोकन इंग्लिश एवं पर्सनालिटी डेवलपमेंट की निःशुल्क कक्षाएं, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, वाई-फाई और सीसीटीवी युक्त सुरक्षित परिसर की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल, शैक्षणिक टूर, सेमिनार एवं गेस्ट लेक्चर का भी नियमित आयोजन किया जाता है।
महाविद्यालय ने बताया कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति का लाभ भी उपलब्ध कराया जाता है। इच्छुक छात्र-छात्राएं प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक महाविद्यालय कार्यालय पहुंचकर प्रवेश फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।







