नई दिल्ली (विश्व परिवार)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तूक अल मर्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया मंच X पर कहा कि यूएई के प्रतिनिधिमंडल का संसद भवन में स्वागत करते हुए उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात भारत और यूएई के बीच आपसी विश्वास, साझा हितों और घनिष्ठ सहयोग पर आधारित मजबूत साझेदारी को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा जन-से-जन संपर्क (People-to-People Connect) को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान यूएई के मंत्री अब्दुल्ला बिन तूक अल मरी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से भी मुलाकात की। बैठक में भारत और यूएई के बीच विमानन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
राम मोहन नायडू ने बताया कि दोनों देशों के बीच मजबूत हवाई संपर्क लंबे समय से द्विपक्षीय साझेदारी का महत्वपूर्ण आधार रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में भारत के तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र में सहयोग के नए अवसरों, विशेष रूप से मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (MRO) और विमान निर्माण (Manufacturing) के क्षेत्र पर विचार-विमर्श किया गया।
भारत और यूएई के बीच लंबे समय से व्यापारिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। पिछले एक दशक में यह रिश्ता पारंपरिक व्यापारिक साझेदारी से आगे बढ़कर व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) में बदल गया है, जिसमें व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और जन-से-जन संबंध जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।







