भिलाई

भिलाई में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त, प्रमुख मार्गों पर रात में बढ़ी रोशनी

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह के निर्देशानुसार शहर में नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के संधारण और मरम्मत का कार्य तेज गति से किया गया। निगम द्वारा विभिन्न प्रमुख मार्गों पर खराब लाइटों को सुधारकर पुनः चालू कर दिया गया है, जिससे रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हुई है।
निगम द्वारा किए गए कार्यों के तहत मनसा आईटीआई से कुरूद स्थित राधारानी वाटिका तक स्ट्रीट लाइटों को सुचारू रूप से चालू कर दिया गया है। इस मार्ग पर हाई टेंशन पोल एवं कुछ रिक्त पोल होने के कारण जहां तकनीकी आवश्यकता है, वहां आगे भी आवश्यक कार्य किए जाएंगे। इसी प्रकार सीएम कॉलेज रोड, कुरूद में नया टाइमर और मेन स्विच केबल लगाकर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को पुनः प्रारंभ किया गया है, जिससे क्षेत्र में रात के समय पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध हो रहा है। इसके अलावा शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का संधारण कर उन्हें चालू किया गया है। इनमें सुपेला घड़ी चौक से गदा चौक, सुपेला फ्लाईओवर, नेहरू नगर से भिलाई नगर रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग, सुपेला थाना से सुपेला फ्लाईओवर, गदा चौक से अवंति बाई चौक तथा अवंति बाई चौक से इंदु आईटीआई नाला तक का मार्ग शामिल है। इन सभी स्थानों पर अब स्ट्रीट लाइटें सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
नगर निगम ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जहां भी खराबी की सूचना मिल रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। निगम का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, प्रकाशयुक्त और सुविधाजनक सड़कें उपलब्ध कराना है ताकि रात्रिकालीन आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइटों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा खराब लाइटों को तत्काल सुधारकर चालू किया जाए, जिससे पूरे शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था बनी रहे और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts