छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर पुलिस की बड़ी डिजिटल पहल, 21 थानों में शुरू हुआ ‘e-मालखाना 2.0’; जब्त सामान की होगी बारकोड से निगरानी

रायपुर (विश्व परिवार)। पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले के निर्देशन में कमिश्नरेट द्वारा तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने एवं मालखाना प्रबंधन प्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रायपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया द्वारा विकसित ‘e-मालखाना 2.0’ सॉफ्टवेयर का शुभारंभ आज किया गया। आज एक साथ 10 नए e-मालखाना थानों के उद्घाटन के साथ ही, कमिश्नरेट के कुल 21 थानों में इस उन्नत प्रणाली का संचालन शुरू कर दिया गया है।
पश्चिम जोन के सभी थानों में आज एक साथ e-मालखाना 2.0 का उद्घाटन किया गया। थाना टिकरापारा और थाना न्यू राजेंद्र नगर में पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशू अग्रवाल (IPS), सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश राठौर, सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल एवं संबंधित थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।
थाना खमतराई में e-मालखाना 2.0 का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) आदित्य पाण्डेय एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
इस नई प्रणाली से मालखाना प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक आधुनिक, सरल, पारदर्शी एवं जवाबदेह बन सकेगी। राजधानी रायपुर जैसे बड़े और महत्वपूर्ण क्षेत्र में यह पहल पुलिस कार्यप्रणाली के डिजिटलीकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
‘e-मालखाना 2.0’ की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता प्रत्येक जब्त संपत्ति एवं केस प्रॉपर्टी के लिए यूनिक बारकोड आधारित डिजिटल पहचान उपलब्ध कराना है। अब मालखाने में जमा प्रत्येक वस्तु को एक विशिष्ट बारकोड प्रदान किया जाएगा, जिसे स्कैन करते ही संबंधित प्रकरण, जब्ती विवरण, जमा तिथि, वर्तमान स्थिति एवं अन्य आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध हो जाएगी। इससे जब्त सामग्री की निगरानी, खोज एवं प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक आसान, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनेगी।
तकनीक आधारित नवाचार शासन एवं प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। ‘e-मालखाना 2.0’ न केवल मालखाना प्रबंधन को आधुनिक बनाएगा, बल्कि पुलिस कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।
‘e-मालखाना 2.0’ का शुभारंभ उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग एवं डिजिटल प्रशासन को नई दिशा प्रदान करेगा।
आज शुरू होने वाले e-मालखाने हैं: टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, डीडी नगर एवं खमतराई।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts