छत्तीसगढ़

आत्मनिर्भरता और उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ते बालिकाओं के कदम

  • एनएमडीसी बालिका शिक्षा योजना दे रही नर्स बनने में भरपूर सहयोग

बचेली (विश्व परिवार)। दक्षिण बस्तर के दूरस्थ अंचल में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एनएमडीसी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एनएमडीसी, बचेली कॉम्प्लेक्स के सीएसआर (CSR) विभाग द्वारा दिनांक 13 अगस्त 2026 को जावंगा स्थित एनएमडीसी पॉलिटेक्निक एवं आस्था विद्या मंदिर परिसर में नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए लिखित प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया।
इस परीक्षा की आधिकारिक सूचना 14 जुलाई 2026 को प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की गई थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में योग्य छात्राओं ने अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराया।

इस परीक्षा में कुल 698 पात्र छात्राओं में से 546 छात्राओं ने भाग लिया। इस लिखित परीक्षा के संचालन हेतु अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग, यशोदा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, किम्स कॉलेज एंड स्कूल ऑफ नर्सिंग, हैदराबाद एवं अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग आरागोंडा (चित्तूर) से आए वरिष्ठ शिक्षकों की टीम ने संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की।

यह संपूर्ण लिखित परीक्षा उप महाप्रबंधक (मा.सं.) सीएसआर, जोसी थॉमस के मार्गदर्शन एवं सीएसआर विभाग के समस्त कर्मचारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

अभ्यर्थियों का चयन मेरिट (योग्यता) के आधार पर किया जाएगा। मेरिट में स्थान पाने वाली छात्राओं का आवश्यक मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें संबंधित नर्सिंग कॉलेजों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। ज्ञातव्य है कि चयनित छात्राओं की पढ़ाई, आवास और प्रशिक्षण का संपूर्ण वित्तीय खर्च एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा।

एनएमडीसी की इस सीएसआर पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभावान छात्राओं को चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट करियर अवसर प्रदान करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts