भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में आगामी वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया 09 सितम्बर 2026, बुधवार को पूर्वान्ह 11.00 बजे कला मंदिर, सिविक सेंटर सेक्टर-06 में आयोजित की जाएगी। प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निगम प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने अधिकारियों को बैठक स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण प्रक्रिया के दौरान आम नागरिकों एवं पत्रकारों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया को सुगम तरीके से देखा और समझा जा सके। नगर निगम प्रशासन द्वारा वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। बैठक स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ प्रक्रिया के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।







