रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक समयसीमा टीएल बैठक लेकर सभी कार्यों एवं योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने रायपुर शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के कार्य को प्राथमिकता देने कहा है। आयुक्त ने टीएल बैठक में सफाई संबंधित प्राप्त जनशिकायतों के निराकरण की स्थिति का अवलोकन किया। आयुक्त ने सफाई के पूर्व और सफाई के पश्चात की प्रमाण फोटो का अवलोकन किया। आयुक्त ने जोन कमिश्नरों को सफाई कार्य को प्राथमिकता देने कहा।
आयुक्त ने बैठक में नगर निगम के हित को सर्वोपरि रखकर दिए गए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली किए जाने को प्राथमिकता देने सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया।
आयुक्त संबित मिश्रा ने दिनांक 31 दिसंबर 2026 तक वर्तमान वर्ष के संपत्तिकर का पूर्ण भुगतान किए जाने पर संबंधित संपत्तिकरदाता नागरिकों को नियमानुसार संपत्तिकर में 4 प्रतिशत की छूट देकर अधिक से अधिक संख्या में करों की वसूली कर संपत्तिकरदाता नागरिकों को वांछित तौर पर लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने बड़े बकायादारों से बकाया राजस्व वसूली नियमानुसार सख्तीपूर्वक करने सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया।
आयुक्त संबित मिश्रा ने नामांतरण के प्रकरणों का निराकरण तय समयसीमा के भीतर किया जाना सुनिश्चित करने के सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए। आयुक्त ने अवैध नल कनेक्शनों को करारोपण में सम्मिलित कर नल कनेक्शन नियमानुसार निर्धारित अर्थदंड लेकर नियमित करते हुए प्रक्रिया के अंतर्गत संबंधितों से जलकर की वसूली करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने टीएल बैठक में नगर निगम विभाग द्वारा ई-चालान और स्वास्थ्य विभाग द्वारा ई-चालान की कार्रवाई का अवलोकन किया।
आयुक्त ने शहर में त्योहार के पूर्व प्रकाश व्यवस्था को सुचारु बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनी के प्रकरणों में नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत कार्रवाई करने के जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए। राजीनामा योग्य प्रकरणों में नियमानुसार राजीनामा कार्रवाई और नियमानुसार राजीनामा के योग्य नहीं पाए गए प्रकरणों में नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत निर्माण को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश जोन कमिश्नरों को दिए।
आयुक्त ने बैठक में रायपुर नगर निगम क्षेत्र में वर्षा जल संचयन हेतु अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य करवाने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली का अच्छा रखरखाव करने वाले संस्थानों, व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने कहा।
आयुक्त संबित मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता से नगर निगम रायपुर को प्राप्त जनशिकायतों का त्वरित निदान प्राथमिकता से तय समयसीमा के भीतर किया जाना सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवासों के निर्माण की प्रगति और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना अंतर्गत कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया और कार्य को गतिमान रखकर शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा ली गई टीएल बैठक के दौरान अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, रवि राही, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, सभी उपायुक्तों, जोन कमिश्नरों, सभी विभागों के प्रभारी अधिकारियों, कार्यपालन अभियंताओं, सहायक अभियंताओं, आईटी एक्सपर्ट रंजीत रंजन, सभी जोन सहायक राजस्व अधिकारियों, नगर निगम मुख्यालय के विभागों के अन्य संबंधित नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।







