रायपुर

माना बस्ती में बालिका शौचालय की धीमी प्रगति पर सीईओ आशीष केशरवानी ने जताई नाराजगी, तालाबों को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के दिए निर्देश

धरसींवा (विश्व परिवार)। जनपद पंचायत धरसींवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष केशरवानी ने ग्राम पंचायत माना बस्ती में शासकीय विद्यालय, पंचायत भवन एवं तालाबों का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बालिका शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विद्यालय परिसर में विकसित पोषण वाटिका की सराहना करते हुए उन्होंने इसे बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अच्छी पहल बताया।

माना बस्ती के तालाबों में प्रवासी पक्षियों की आवक को देखते हुए सीईओ श्री केशरवानी ने तालाबों को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश पंचायत को दिए। उन्होंने कहा कि प्रवासी पक्षियों का आगमन क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा एवं जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। तालाबों का संरक्षण एवं संवर्धन कर इन्हें पक्षियों के अनुकूल प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया जा सकता है।

इसके साथ ही उन्होंने समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंचायत में करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पंचायत की स्वयं की आय में वृद्धि हो और प्राप्त राजस्व का उपयोग स्थानीय विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान करारोपण अधिकारी श्री गजेश यदु, सरपंच श्रीमती सुनीता लेखु बैश, पंचायत सचिव श्रीमती लता सेन, रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts