रायपुर (विश्व परिवार)। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग-निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 3-3 फेरे लगाएगी। इसके परिचालन से यात्रियों को त्योहार के दौरान कंफर्म बर्थ के साथ आरामदायक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल ट्रेन दुर्ग से प्रत्येक रविवार, 1, 8 और 15 नवंबर 2026 को रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल ट्रेन निजामुद्दीन से प्रत्येक सोमवार, 2, 9 और 16 नवंबर 2026 को चलेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर दिया गया है।
दुर्ग से निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन का समय
गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल ट्रेन दुर्ग स्टेशन से सुबह 10:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रायपुर स्टेशन पर सुबह 11:20 बजे पहुंचेगी और 11:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद उसलापुर 13:20 बजे, पेंड्रारोड 14:55 बजे, अनूपपुर 15:40 बजे, शहडोल 16:20 बजे और उमरिया 17:14 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए अगले दिन सुबह 11:10 बजे निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
निजामुद्दीन से दुर्ग लौटने वाली ट्रेन का समय
गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल ट्रेन निजामुद्दीन स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह मथुरा, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और सागर होते हुए अगले दिन उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड और उसलापुर पहुंचेगी।
ट्रेन रायपुर स्टेशन पर दोपहर 12:10 बजे पहुंचेगी और 12:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंचेगी।
20 कोच की होगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 4 जनरल, 11 स्लीपर, 2 एसी-III और 1 एसी-II कोच शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, समय-सारिणी और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, NTES या रेलवन ऐप से प्राप्त कर लें।







