छत्तीसगढ़रायपुर

पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर भ्रामक प्रचार का आरोप, भाजपा ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

रायपुर (विश्व परिवार)। कांग्रेस नेताओं द्वारा भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस के दिन का बताकर सोशल मीडिया पर भ्रामक व विद्वेषपूर्ण दुष्प्रचार करने के मामले में भाजपा प्रतिनिधि मणडल ने सोमवार को सिविल लाइंस पुलिस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही व एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रतिनिधि मण्डल में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक, डॉ. किरण बघेल, राजीव चक्रवर्ती, प्रदेश मीडिया सह संयोजक राहुल राय, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष राहुल राव, युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी वासु शर्मा शामिल थे।
भाजपा प्रतिनिधि मण्डल द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर तथा एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल @GenZ_of_India द्वारा कुरुद (जिला धमतरी) में 22 मार्च 2026 को आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के दौरान पार्टी ध्वज फहराए जाने के फोटो एवं वीडियो को जानबूझकर 15 अगस्त 2026 (स्वतंत्रता दिवस) का बताकर प्रसारित किया गया। उक्त हैंडल्स द्वारा यह झूठा दावा किया गया कि भाजपा जनप्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर पार्टी का झंडा फहराया गया है। इस तरह स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुराने व असंबद्ध वीडियो को नए संदर्भ में प्रस्तुत कर जनता के बीच भ्रम, राजनीतिक तनाव और ।अशांति फैलाने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास किया गया है।
भाजपा प्रतिनिधि मण्डल ने भड़काऊ व असत्य सामग्री प्रसारित करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2), 196, 197 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस प्रशासन से उक्त पोस्ट्स के डिजिटल साक्ष्य, मूल मेटा डेटा और अपलोडिंग विवरण को सुरक्षित करते हुए भ्रामक हैंडलर्स और इसके पीछे की साजिश की तकनीकी जाँच करने का आग्रह किया गया। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल एवं संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से इस प्रकार की भ्रामक सामग्री को तत्काल हटाने व संबंधित हैंडल्स पर रोक लगाने की मांग भी की गई है। भाजपा प्रतिनिधि मण्डल ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को ठेस पहुँचाना और सुनियोजित तरीके से समाज में तनाव पैदा करना अक्षम्य अपराध है। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष व त्वरित जाँच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts