रायपुर (विश्व परिवार)। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय कार्यों के लिए देश के शीर्ष पांच पर्यावरण योद्धाओं में चयनित एवं “पर्यावरण रत्न सम्मान-2026” से सम्मानित ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे का संस्था परिवार द्वारा सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक एवं प्रतिष्ठित उद्यमी राजेश अग्रवाल ने ग्रीन आर्मी की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को साझा करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था के हजारों स्वयंसेवकों की वर्षों की मेहनत, समर्पण और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि संस्था की जिम्मेदारियों को और बढ़ाती है तथा सभी सदस्यों को और अधिक उत्साह के साथ कार्य करना चाहिए।
ग्रीन आर्मी के वरिष्ठ संरक्षक हैप्पी सिब्बल ने पर्यावरण संरक्षण एवं आधुनिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति संरक्षण और टिकाऊ कृषि भविष्य की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
जेसीआई की वरिष्ठ सदस्य लीना वाढेर ने अपने उद्बोधन में कहा कि वे लंबे समय से अमिताभ दुबे को जानती हैं और उन्होंने सदैव समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित होकर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके निरंतर परिश्रम, नेतृत्व क्षमता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय पहचान है।
ग्रीन आर्मी के वरिष्ठ सदस्य श्री भारत तिवारी ने कहा कि अमिताभ दुबे ने केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि हजारों लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का कार्य किया है। यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ और ग्रीन आर्मी परिवार के लिए गौरव का विषय है।
प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, जो अमिताभ दुबे के बचपन के मित्र भी हैं, ने कहा कि बचपन से ही अमिताभ दुबे में समाज के लिए कुछ अलग करने का जज्बा रहा है। आज राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण, संघर्ष और पर्यावरण के प्रति अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी युवाओं को समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा द्वारा किया गया। प्रदेश धर्मप्रकोष्ठ अध्यक्ष पंडित विनीत शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धर्म और पर्यावरण के अटूट संबंधों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन मिस्टर टारगेट द्वारा किया गया।
इस अवसर पर रूपाली दुबे ने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि ग्रीन आर्मी के हजारों सदस्यों, स्वयंसेवकों और पर्यावरण सैनिकों की सामूहिक मेहनत, समर्पण और सेवा भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि वर्षों से संस्था से जुड़े प्रत्येक सदस्य ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जो योगदान दिया है, उसी का परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान है।
इस अवसर पर मोनिका बागरेचा, श्याम बघेल, संजय भौमिक, भारती श्रीवास्तव सहित संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पर्यावरण स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में अमिताभ दुबे ने कहा, “पर्यावरण रत्न सम्मान-2026 ग्रीन आर्मी के प्रत्येक पर्यावरण सैनिक, स्वयंसेवक, प्रशिक्षक, विद्यार्थी, मातृशक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रकृति प्रेमी को समर्पित है। यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन हजारों लोगों की सामूहिक तपस्या, समर्पण और प्रकृति के प्रति प्रेम का सम्मान है, जिन्होंने वर्षों से निस्वार्थ भाव से धरती, जल, जंगल और पर्यावरण की रक्षा के लिए कार्य किया है।”
उन्होंने विशेष रूप से ग्रीन आर्मी की मीडिया टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री शशिकांत यदु द्वारा संस्था के पर्यावरणीय एवं सामाजिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। साथ ही हेमंत ठाकुर एवं पी.के. तिवारी ने भी मीडिया समन्वय और जनजागरण में निरंतर सहयोग प्रदान कर संस्था के अभियानों को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ज्ञात हो संपूर्ण भारत में केवल पांच लोगों को यह सम्मान दिया गया है एक कलकत्ता से एक मुंबई से एक भोपाल से एक राजस्थान से और एक छत्तीसगढ़ से अमिताभ दुबे जी का चयन किया गया है
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है और ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।







