रायपुर (विश्व परिवार)। कृषि महाविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बालक इकाई द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु पोस्टर प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर प्रस्तुत किए। कृषि महाविद्यालय, रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता, पर्यावरणीय सोच एवं जागरूकता की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के लिए व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर प्रयास करने तथा समाज में पर्यावरणीय चेतना फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे के मार्गदर्शन में एनएसएस बालक इकाई द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली कृषि महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर विश्वविद्यालय के विभिन्न मार्गों से होते हुए संपन्न हुई। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने “वृक्ष लगाओ-पर्यावरण बचाओ”, “जल है तो कल है”, “स्वच्छ पर्यावरण-स्वस्थ जीवन” तथा “प्लास्टिक मुक्त भारत” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।







