खैरागढ़ (विश्व परिवार)। जिले के घोटिया गांव में झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा कपड़ा और फैंसी सामान जलकर खाक हो गया. इस घटना से दुकान संचालक झरना भोंडेकर और उनके पति जयकिशन भोंडेकर को बड़ा आर्थिक झटका लगा है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आगजनी में 7 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
आग में खाक हुआ दुकान का सामान, लेकिन गांव वालों ने संभाला मोर्चा जिसके चलते किसी के हताहत नहीं हुआ. दुकान में आग लगने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए. डायल 112 की टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था. मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार आग की इस घटना से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
शॉर्ट सर्किट या कोई दूसरी वजह? जांच में जुटी पुलिस
आग आखिर कैसे लगी, यह अब भी बड़ा सवाल है. क्या दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है. दुकान संचालक की शिकायत के बाद खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है. आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







