रायपुर (विश्व परिवार)। सोमवार को रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर पालिक निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में रायपुर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक लेकर सफाई कार्य की समीक्षा करते हुए नगर हित में आवश्यक निर्देश स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों एवं सफाई ठेकेदारो को दिये।
महापौर मीनल चौबे ने स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय सहित सहायक स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावनिया सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों, वार्डो के अनुबंधित सफाई ठेकेदारो की उपस्थिति में रायपुर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करने बैठक ली एवं दीपावली के पूर्व राजधानी शहर के अनेक स्थानो पर गंदगी व कचरा दिखने को लेकर सफाई ठेकेदारो एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को जमकर फटकार लगायी। महापौर ने कहा कि राजधानी शहर की सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही कदापि सहन नहीं की जायेगी।
महापौर मीनल चौबे ने दीपावली के पूर्व राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा व गंदगी हटाने विशेष सफाई अभियान चलाने के सख्त निर्देश सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों एवं अनुबंधित सफाई ठेकेदारो को दिये। महापौर ने कहा कि दीपावली के पूर्व राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र स्वच्छ राजधानी की तरह दिखना चाहिए। शहर के किसी भी मुख्य मार्ग पर कचरा और गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी स्वच्छता निरीक्षको सहित जोन कमिश्नरो के साथ दीपावली के पूर्व प्रतिदिन मुख्य मार्गों एवं वार्डो की विशेष सफाई करवाकर गंदगी व कचरा हटाने का कार्य प्राथमिकता के साथ करवाना सुनिश्चित करें। सफाई ठेकेदारो के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर उनसे गुणवत्तापूर्ण सफाई करवाना प्राथमिकता से सुनिश्चित हो। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि अनुबंधित सफाई ठेकेदारो के देयको के भुगतान में अनावश्यक विलंब ना हो यह भी त्यौहार के पूर्व सुनिश्चित किया जाये। ताकि ठेका सफाई कामगार एवं सफाई ठेकेदार त्यौहार के पूर्व भुगतान प्राप्त कर सके। शहर की सफाई व्यवस्था को तत्काल सुधारने के कार्य को राजधानी शहर में पहली प्राथमिकता दी जाये।







