- आपातकाल विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विद्यार्थी होंगे मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित — उपासने
- सम्मेलन के मुख्य वक्ता होंगे वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार
रायपुर (विश्व परिवार)। देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला दिवस माने जाने वाले 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की स्मृति को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष “25 जून को संविधान हत्या दिवस” तथा “26 जून को आपातकाल स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है।
लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि 26 जून 1975 से मार्च 1977 तक चले 21 माह के आपातकाल को देश कभी भूल नहीं सकता। उस कालखंड में नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन किया गया एवं हजारों लोकतंत्र समर्थकों को मीसा अन्य कठोर कानूनों के अंतर्गत जेलों में बंद किया गया तथा प्रेस की स्वतंत्रता पर अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाए गए। समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू कर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचल दिया गया।
उपासने ने बताया कि लोकतंत्र सेनानियों को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 28 जून को प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी आयोजित भव्य सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही इस अवसर पर “आपातकाल योद्धा संदर्भ ग्रंथ स्मारिका” का विमोचन भी किया जाएगा। विशेष आकर्षण यह होगा कि लोकतंत्र सेनानी संघ व प्रहरी के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर प्रदेश स्तरीय “आपातकाल कभी विस्मृत न हो” एवं “25 जून संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता” इन विषयों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।
मुख्यमंत्री द्वारा विद्यालय स्तर प्रथम, द्वितीय व तृतीय छात्रों को विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर 31000, 21000 व 11000 रुपये नगद पुरस्कार दोनों स्तरों पर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। उसी प्रकार सभी 520 शामिल विद्यार्थियों सहित विद्यालय व महाविद्यालय के प्राचार्यों को भी मुख्यमंत्री द्वारा 28 जून को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष भी इस भव्य आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लोकतंत्र सेनानियों को निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 28 जून, रविवार को प्रातः 11:00 बजे से आयोजित है। सम्मेलन में संगठन के समस्त पदाधिकारी व प्रबुद्ध वैचारिक संस्थाओं, मंत्रियों, विधायकों, निगम आयोग अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतकों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में “आपातकाल का काला इतिहास” एवं “संविधान हत्या दिवस” विषय पर प्रबुद्ध वक्ताओं के व्याख्यान भी होंगे तथा इस विषय पर प्रकाशित विशेष स्मारिका “आपातकाल योद्धा” का विमोचन किया जाएगा।
लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने बताया कि प्रदेश के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से ससम्मान निमंत्रण पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं। निबंध प्रतियोगिता व कार्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षण संस्थान मोबाइल नंबर 9425202652 एवं 9425552092 पर संपर्क कर सकते हैं।
पत्रकार वार्ता में सच्चिदानंद उपासने के साथ रायपुर जिला अध्यक्ष सुहास देशपाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष प्रहरी विशाल राजहंस उपस्थित थे।







