रायपुर

राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर आयोजित निःशुल्क ओपीडी एवं ऑपरेशन शिविर सफलतापूर्वक संपन्न

  • 100 मरीजों ने कराया ओपीडी परीक्षण, 10 जरूरतमंद मरीजों की हुई निःशुल्क सर्जरी

रायपुर (विश्व परिवार)। पिछले 36 वर्षों से हजारों मरीजों के जीवन में नई आशा, नया आत्मविश्वास और नई मुस्कान लौटाने वाले प्रख्यात बर्न, प्लास्टिक एवं कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. सुनील कालड़ा द्वारा राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित निःशुल्क ओपीडी एवं ऑपरेशन शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
1 जुलाई से 7 जुलाई तक आयोजित इस निःशुल्क ओपीडी शिविर में लगभग 100 मरीज परीक्षण कराने पहुंचे, जिनमें से 10 अत्यंत जरूरतमंद मरीजों का चयन कर उनकी निःशुल्क सर्जरी की गई। यह पहल डॉ. कालड़ा की निरंतर समाज सेवा की भावना का प्रतीक है, जो वर्षों से असंख्य गरीब और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
अपने चिकित्सकीय जीवन के 36 वर्षों में डॉ. कालड़ा ने न केवल बर्न पीड़ितों बल्कि जन्मजात विकृतियों, विशेष रूप से क्लेफ्ट लिप और क्लेफ्ट पैलेट से जूझ रहे हजारों बच्चों को भी नया जीवन दिया है। उनकी सेवाओं ने उन्हें न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई है।
डॉ. सुनील कालड़ा का मानना है कि चिकित्सा सेवा का उद्देश्य केवल रोग का उपचार नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक समान रूप से स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना है। इसी सोच के साथ वे वर्षों से ट्रांसजेंडर समुदाय का निःशुल्क उपचार एवं सर्जरी में विशेष योगदान दे रहे हैं। साथ ही दीपावली, होली एवं अन्य प्रमुख त्योहारों के अवसर पर भी जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार एवं सर्जरी अभियान चलाकर मानव सेवा की अनूठी मिसाल प्रस्तुत कर रहे हैं।
शिविर के सफल समापन पर डॉ. कालड़ा ने बताया कि आने वाले समय में भी इस तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts