छत्तीसगढ़रायपुर

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में फ्रेश फ्लावर अरेंजमेंट पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण

रायपुर (विश्व परिवार)। पुष्प विज्ञान एवं भूदृश्य विभाग, कृषि महाविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CG-COST), रायपुर के सहयोग से “फ्रेश फ्लावर अरेंजमेंट” विषय पर एक दिवसीय हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विवेक त्रिपाठी, निदेशक अनुसंधान सेवाएं, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने की। इस अवसर पर अखिलेश कुमार त्रिपाठी, मुख्य वैज्ञानिक, CG-COST तथा डॉ. नंदन मेहता, प्रभारी अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, रायपुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ताजे पुष्प एवं पत्तियों से सुसज्जित भगवान गणेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ हुआ। इसके पश्चात् डॉ. एल. एस. वर्मा, विभागाध्यक्ष, पुष्प विज्ञान एवं भूदृश्य विभाग द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने पुष्प उत्पादन में विभाग की भूमिका तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश में पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में हो रही प्रगति पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश में ताजे पुष्पों की उपलब्धता एवं विभिन्न प्रकार की सजावट में उनके महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने पुष्प सज्जा एवं इससे संबंधित कौशल को वर्तमान समय में रोजगारोन्मुखी बताते हुए विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. विवेक त्रिपाठी, निदेशक अनुसंधान सेवाएं, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र में उद्यानिकी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से पुष्प विज्ञान एवं पुष्प सज्जा से संबंधित रोजगारपरक कौशल सीखने के लिए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से इस क्षेत्र में नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से योगदान देने की अपेक्षा व्यक्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान “फ्रेश फ्लावर अरेंजमेंट” के मूलभूत सिद्धांतों, विभिन्न प्रकार के फ्लावर अरेंजमेंट डिजाइन एवं उनकी तकनीकों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. समीर कुमार ताम्रकार एवं डॉ. बीना सिंह ने प्रतिभागियों को पुष्प सज्जा से संबंधित सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ इसके व्यावहारिक एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 45 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीयन कर सक्रिय रूप से सहभागिता की। प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की ताजी पुष्प सज्जा तैयार करने की तकनीकों का प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने फ्रेश फ्लावर अरेंजमेंट की कला, रचनात्मकता, डिजाइनिंग तथा इसके व्यावसायिक एवं रोजगारपरक पहलुओं के बारे में उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के वेलेडिक्ट्री (समापन) समारोह में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उपयोग स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुष्प सज्जा जैसे कौशल-आधारित क्षेत्रों में रचनात्मकता के साथ-साथ व्यावसायिक संभावनाएं भी उपलब्ध हैं, जिन्हें विद्यार्थी अपने करियर के नए अवसर के रूप में अपना सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts