रायगढ़ (विश्व परिवार)। जिले के वन क्षेत्र से खैर एवं तेंदू प्रजाति के लड़कियों की कटाई और उनके अवैध भंडारण के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। धोखाधड़ी, भारतीय वन अधिनियम और संगठित अपराध की गंभीर धाराओं के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सिंडिकेट ओड़िशा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश तक लकड़ियों की कटाई और तस्करी को अंजाम देता था।
जिला रायगढ़ के धरमजयगढ़, घरघोड़ा, तमनार वन परिक्षेत्र में ग्रामीणों को पैसों का लालच देकर उनसे पेड़ों की अवैध कटाई कराया जा रहा था। लकड़ियों को रोहित मित्तल अपने गढउमरिया स्थित गोदाम में डंप कर अपने सहयोगी मनीष अग्रवाल के साथ वाहन मालिक भरत कुमार मेश्राम और सलाउद्दीन खान के साथ इन बेसकीमती लड़कियों को हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में अधिक मूल्य में ट्रांसपोर्टिंग के जरिए खपाया जा रहा था। आरोपियों ने लड़कियों की अवैध तस्करी को वैध दिखाने के लिए फर्जी तरीके से ट्रांसपोर्ट परमिट (टीपी) बनने और बड़ी चालाकी से राज्य के बाहर बेचकर मुनाफा कमा रहे थे।
इस इंटर स्टेट सिंडिकेट का वन विभाग रायगढ़ और जिला पुलिस रायगढ़ ने खुलासा किया है और सिंडिकेट में शामिल मुख्य आरोपी मनीष अग्रवाल, रोहित मित्तल और सलाउद्दीन खान के खिलाफ थाना जूमिल में धोखाधड़ी और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर रिमांड पर भेजा गया। आरोपी भरत कुमार मेश्राम फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित मित्तल पिता सुभाष मित्तल सा. अग्रसेन कालोनी विकास नगर कोतरा रोड रायगढ़
- मनीष अग्रवाल पिता राधेश्याम अग्रवाल निवासी मकान नं 72/1, मुड़पार, बलौदाबाजार
- सलाउद्दीन खान पिता इलाउद्दीन खान निवासी सरसींवा जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़
वन विभाग ने गढ़उमरिया गोदाम में रेड मारकर ट्रक क्रमांक सीजी 15 डी वी-7577 में लदा हुआ 42 नग तेंदू प्रजाति का लट्ठा 1.731 घन.मी., 01 नग वजन मशीन, 02 नग कुल्हाड़ी एवं 01 नग हथौड़ा एवं गोदाम में तेंदू एवं खैर प्रजाति के लट्ठा 146 नग 6.741 घन मीटर, जलाउ लकड़ी 09 चट्टा, कटर मशीन 01 नग जब्त किया है।







